Local News

इमली मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, शिक्षक की मौत, रिश्तेदार घायल

स्कूल से छुट्टी के बाद घर जाते समय हुआ हादसा, अनियंत्रित मोटरसाइकिल खेत में जा गिरी

September 10, 2026

3 min read

Share:
इमली मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, शिक्षक की मौत, रिश्तेदार घायल
लूणदा। कस्बे के इमली मोड़ पर गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाहरपुरा विद्यालय में कार्यरत शिक्षक अशोक कुमार मीणा (30) पुत्र अमर सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार रिश्तेदार अंकित मीणा घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, निकटवर्ती राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नाहरपुरा में कार्यरत शिक्षक अशोक कुमार मीणा अपने रिश्तेदार अंकित मीणा, निवासी कसेरा, जिला दौसा, के साथ मोटरसाइकिल से कानोड़ स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि अंकित मीणा अपने रिश्तेदार शिक्षक अशोक कुमार से मिलने के लिए आया हुआ था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान लूणदा के इमली मोड़ के समीप अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। मोटरसाइकिल सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा गिरी और दोनों सवार पत्थर से टकरा गए। हादसा इतना गंभीर था कि शिक्षक अशोक कुमार मीणा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अंकित मीणा घायल हो गया।
Image


तेज गति और मोड़ पर अनियंत्रित होने की बात सामने आई- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल की गति तेज थी और इमली मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक अनियंत्रित हो गई। मोटरसाइकिल सड़क से नीचे खेत में गिरने के बाद दोनों सवार दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। 
Image

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता- हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल दोनों युवकों की स्थिति देखने के साथ उनकी पहचान करने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने शिक्षक अशोक कुमार मीणा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अंकित मीणा का उपचार शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर कानोड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाने से हेड कांस्टेबल पुष्कर मेघवाल ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। मृतक शिक्षक अशोक कुमार मीणा मूल रूप से कसेरा जिला दौसा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और क्षैत्र में निवास कर रहे शिक्षकों व परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं शिक्षक की असामयिक मौत की सूचना मिलने पर नाहरपुरा विद्यालय में भी शोक का माहौल हो गया। शिक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद नाहरपुरा विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुप कुमार भी कानोड़ चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने वहां परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बताया गया कि मृतक शिक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे भी रहते थे। युवा शिक्षक की सड़क हादसे में अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने भी शिक्षक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Share:

Related Articles

कैसी व्यवस्था - पत्थरों और गाजर घास के बीच हुआ राष्ट्र पर्व, जर्जर भवन गिराने के एक साल बाद भी नए भवन का इंतजार
Local News

कैसी व्यवस्था - पत्थरों और गाजर घास के बीच हुआ राष्ट्र पर्व, जर्जर भवन गिराने के एक साल बाद भी नए भवन का इंतजार

By Yuvraj Pachori|Aug 15, 2026
इलाज के दौरान नाबालिग की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप
Local News

इलाज के दौरान नाबालिग की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

Aug 10, 2026
उदपुरा में लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार, तिजोरी तोड़कर चोरी की बड़ी वारदातBREAKING
Local News

उदपुरा में लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार, तिजोरी तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात

By Yuvraj Pachori|Jul 21, 2026
बगदाराम राणा होंगे कानोड़ के नए तहसीलदार, छह कांस्टेबलों का भी हुआ तबादला
Local News

बगदाराम राणा होंगे कानोड़ के नए तहसीलदार, छह कांस्टेबलों का भी हुआ तबादला

By Yuvraj Pachori|Jul 11, 2026